एमसीबी, 30 दिसंबर 2025 (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान जिले के ग्रामीणों और शहरी नागरिकों की समस्याएं सुनीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जनदर्शन में आमजन ने अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं को सीधे कलेक्टर के समक्ष रखा। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आज के जनदर्शन में कुल 27 आवेदन प्राप्त हुए।

जनदर्शन में कंप्यूटर ऑपरेटर से संबंधित विषय, धान विक्रय की अनुमति, पंजीयन में शून्य धान रकबा संशोधन, अतिरिक्त कक्ष निर्माण, मध्याह्न भोजन समूह की शिकायत, आवास मित्रों के मानदेय, भूमि विवाद, डीएमएफ के अंतर्गत निर्माण कार्यों की स्वीकृति, रोजगार सहायक के स्थानांतरण, सामाजिक भवन निर्माण, राजस्व प्रकरणों के निराकरण, हैंडपंप स्थापना, धान खरीदी में अनियमितता की शिकायत, दिव्यांग को रोजगार, प्रधानमंत्री आवास से जुड़े प्रकरण सहित विभिन्न विषयों पर आवेदन प्रस्तुत किए गए।

कई ग्रामीणों ने भूमि से संबंधित समस्याएं, राजस्व प्रकरणों में विलंब, शासकीय भूमि पर आवास निर्माण की अनुमति और जांच की मांग रखी। वहीं कुछ आवेदकों ने रोजगार, मानदेय भुगतान, धान खरीदी प्रक्रिया में कथित गलत आरोपों तथा मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर आवेदन दिया। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित विभागों को नियमानुसार जांच कर शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित