एमसीबी, 30 दिसंबर 2025 (वार्ता) छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में बेरोजगार युवाओं के लिए एस.आई.एस. इंडिया लिमिटेड अनूपपुर (मध्य प्रदेश) द्वारा जिला प्रशासन एवं पुलिस अधीक्षक के सहयोग से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशाल रोजगार शिविर सह रजिस्ट्रेशन कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस रोजगार शिविर के माध्यम से सुरक्षाकर्मी, सुरक्षा सुपरवाइजर, भर्ती अधिकारी एवं सुरक्षा अधिकारी के कुल 840 पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को प्रशिक्षण के बाद 65 वर्ष तक स्थाई रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

जिला जनसंपर्क अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक यह रोजगार शिविर 02 जनवरी 2026 को थाना क्षेत्र जनकपुर, 03 जनवरी को झागराखाड, 05 जनवरी को खोगांपानी, 06 जनवरी को खड़गवां, 07 जनवरी को कोटाडोल, 08 जनवरी को कुंवारपुर तथा 10 जनवरी 2026 को थाना क्षेत्र मनेंद्रगढ़ में आयोजित होगा। कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी विवेक कुमार सिंह ने बताया कि मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले सहित छत्तीसगढ़ के सभी बेरोजगार युवाओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर है।

चयन प्रक्रिया शारीरिक मापदंड और लिखित परीक्षा के आधार पर होगी। केवल चयनित अभ्यर्थियों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए 350 रुपये स्वयं अपने मोबाइल फोन से जमा करना होगा। चयनित जवानों को छत्तीसगढ़ एवं देशभर के औद्योगिक संस्थानों, शिक्षण संस्थानों, बैंकों, एटीएम, अस्पतालों, शॉपिंग मॉल, होटल, मेट्रो, एयरपोर्ट तथा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्मारकों में स्थाई नियुक्ति दी जाएगी।

वेतन राज्य सरकार के निम्न वर्गीय कर्मचारी वेतन अधिनियम के अनुसार 18,000 रुपये से 32,000 रुपये प्रतिमाह रहेगा, साथ ही प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत वेतन वृद्धि दी जाएगी। नौकरी के दौरान 30 लाख रुपये तक का मेडिकल व इंश्योरेंस, पीएफ, बोनस, आवास, मेस सुविधा तथा दो बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था भी प्रदान की जाएगी।

भर्ती के लिए आयु सीमा 19 से 40 वर्ष, वजन 56 से 90 किलोग्राम और ऊंचाई 167.5 से 170 सेंटीमीटर निर्धारित है। शैक्षणिक योग्यता में 10वीं, 12वीं, स्नातक, एनसीसी, डिप्लोमा एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ उम्मीदवार पात्र होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित