एमसीबी , दिसंबर 22 -- छत्तीसगढ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय रोजगार द्वारा मेला और प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला दो चरणों में आयोजित होगा।

जिला राेजगार कार्यालय की पहल में 23 दिसंबर को पहले चरण में जिला पंचायत खड़गवां तथा 24 दिसंबर को दूसरे चरण में जिला पंचायत भरतपुर में राेजगार मेला आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले के माध्यम से निजी क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों में कुल 374 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

जिला जनसंपर्क अधिकारी से सोमवार को मिली जानकारी के मुताबिक रोजगार मेले में सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, वेल्डर, फिटर, ग्राइंडर मैन, पेंटर/पावर कोटिंग और स्मॉल होइस्ट ऑपरेटर जैसे विभिन्न पदों के लिए भर्ती की जाएगी। नियोजक मेसर्स सेल्फ इंटेलिजेंस सिक्योरिटी सर्विसेस लिमिटेड, भिलाई द्वारा पदों के अनुसार शैक्षणिक योग्यता और वेतनमान निर्धारित किया गया है।

सिक्योरिटी गार्ड पद के लिए पांचवीं से आठवीं पास अभ्यर्थियों को 10,000 से 13,000 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा, जबकि दसवीं से बारहवीं पास अभ्यर्थियों के लिए यह वेतन 11,000 से 15,000 रुपये प्रतिमाह निर्धारित है। सिक्योरिटी सुपरवाइजर पद के लिए स्नातक पास अभ्यर्थियों की आवश्यकता है, जिनके लिए 12,000 से 17,000 रुपये प्रतिमाह वेतन निर्धारित किया गया है।

इसके अतिरिक्त वेल्डर, फिटर, ग्राइंडर मैन, पेंटर/पावर कोटिंग तथा स्मॉल होइस्ट ऑपरेटर पदों के लिए आईटीआई पास होना अनिवार्य है। इन सभी तकनीकी पदों के लिए 15,000 से 20,000 रुपये प्रतिमाह वेतन निर्धारित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित