अजमेर , अप्रैल 26 -- राजस्थान के अजमेर में महर्षि दयानंद सरस्वती (एमडीएस) विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पदों पर प्रस्तावित भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं निष्पक्ष बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए रोस्टर रजिस्टर सार्वजनिक किया हैं।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव कैलाश चंद्र शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने राज्य सरकार को भेजे जाने वाले भर्ती प्रस्ताव के साथ संबंधित पदों के लिए तैयार किए गए रोस्टर रजिस्टर को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर सार्वजनिक रूप से अपलोड कर दिया है।
श्री शर्मा ने बताया कि यह निर्णय विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर सुरेश कुमार अग्रवाल द्वारा पारदर्शिता, जवाबदेही एवं निष्पक्ष भर्ती प्रणाली सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता के अनुरूप लिया गया है। उल्लेखनीय है कि कुलगुरु द्वारा पूर्व में आयोजित प्रबंध बोर्ड की बैठक में मंत्रालयिक कर्मचारियों की भर्ती कर्मचारी चयन बोर्ड के माध्यम से किए जाने का निर्णय भी लिया जा चुका है, जो विश्वविद्यालय की पारदर्शी भर्ती नीति को और सुदृढ़ करता है।
कुलगुरु के निर्देशों की अनुपालना में विश्वविद्यालय प्रशासन ने रोस्टर रजिस्टर को सार्वजनिक करते हुए सभी संबंधित पक्षों को अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का अवसर प्रदान किया है ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि या विसंगति को समय रहते चिन्हित एवं सुधारा जा सके।
उन्होंने बताया कि शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पदों के लिए तैयार किए गए रोस्टर रजिस्टर के संबंध में यदि किसी अभ्यर्थी, कर्मचारी या संबंधित पक्ष को इस रोस्टर रजिस्टर के संबंध में कोई आपत्ति हो, तो वह अपनी आपत्ति आगामी तीन दिनों के भीतर लिखित रूप में कुलसचिव कार्यालय को प्रस्तुत कर सकता है। प्राप्त आपत्तियों का विश्वविद्यालय स्तर पर विधिवत परीक्षण किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार संशोधन करते हुए अंतिम रूप से संशोधित रोस्टर रजिस्टर राज्य सरकार को प्रेषित किया जाएगा, जिससे आगामी भर्ती प्रक्रिया नियमानुसार एवं शीघ्र प्रारंभ की जा सके।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधित पक्षों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में अपनी आपत्तियां एवं सुझाव प्रस्तुत कर इस प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनाने में सहयोग प्रदान करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित