जालंधर , फरवरी 26 -- पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने जालंधर जिले के भोगपुर स्थित भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) कार्यालय में तैनात टेक्निकल असिस्टेंट रूही बाला कालिया को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
सतर्कता ब्यूरो के प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि यह गिरफ्तारी जालंधर जिले की सब-तहसील भोगपुर स्थित 'गुरु तेग बहादुर राइस मिल' के प्रबंधक की शिकायत पर की गयी है। शिकायतकर्ता ने बताया कि खरीद सीजन 2025-26 के लिए उनकी राइस मिल को धान की 49,086 बोरियां आवंटित की गयी थीं। इसमें से 1,160 बोरियों की दो खेप (प्रत्येक 580 बोरी) एफसीआई को भेजी जानी बाकी थीं। जब ये खेप भोगपुर स्थित एफसीआई गोदाम में भेजी गयीं, तो आरोपी रूही बाला कालिया ने इन्हें पास करने के बदले में 25,000 रुपये की रिश्वत मांगी। यह मांग शिकायतकर्ता के मुनीम आदर्श कुमार के मोबाइल फोन पर हुई बातचीत के दौरान की गयी थी।
प्रवक्ता ने जानकारी दी कि आरोपी पहले भी पिछली खेपों को पास करने के लिए शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये की अवैध राशि ले चुकी थी। खेप खारिज होने के डर से शिकायतकर्ता मजबूरी में रिश्वत देने को तैयार हो गया। हालांकि, अनुरोध करने पर आरोपी 20,000 रुपये लेने पर सहमत हो गयी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने सतर्कता ब्यूरो, कपूरथला यूनिट से संपर्क किया। ब्यूरो द्वारा बिछाये गये जाल के दौरान रूही बाला कालिया को सरकारी गवाहों की उपस्थिति में 20,000 रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
इस संबंध में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत सतर्कता ब्यूरो के पुलिस स्टेशन जालंधर में मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित