अलवर , फरवरी 12 -- बीमा क्षेत्र में शत प्रतिशत विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (एफडीआई) की अनुमति के खिलाफ भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के कर्मचारियों ने गुरुवार को राजस्थान में अलवर में विरोध प्रदर्शन किया।

कर्मचारियों ने बुधवार को अलवर मोती डूंगरी स्थित एलआईसी कार्यालय के बाहर धरना देकर केंद्र सरकार और एलआईसी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एफडीआई बढ़ाने का फैसला एलआईसी के निजीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिससे इसकी स्वायत्तता और सार्वजनिक महत्व पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने बजट से संबंधित एक पर्चा भी जलाया और नई भर्ती एवं पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग उठाई। शाखा समिति अध्यक्ष ने कहा कि लंबे समय से एलआईसी में तृतीय श्रेणी और चतुर्थ कैडर की कोई भर्ती नहीं हुई है, जिससे मौजूदा कर्मचारियों पर कार्यभार बढ़ता जा रहा है और काम की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।

उन्होंने कहा कि 1995 की पेंशन योजना से कर्मचारियों को वंचित रखना उनके भविष्य की सुरक्षा पर सीधा हमला है। यूनियन ने सरकार से कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर सार्थक संवाद की मांग की और चेतावनी दी कि जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित