हैदराबाद , फरवरी 08 -- ) तेलंगाना फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (टीजीएफएसएल) की निदेशक शिखा गोयल ने रविवार को कहा कि नामपल्ली स्थित एफएसएल में शनिवार को लगीआग के बावजूद अधिकांश केस संपत्तियां सुरक्षित हैं और उन्हें सुरक्षित रूप से निकाल लिया गया है। आग के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि आग सुबह करीब 10:08 बजे एफएसएल भवन की पहली मंजिल पर स्थित कंप्यूटर फॉरेंसिक प्रयोगशाला में लगी। सबसे पहले कर्मचारी साई कृष्णा ने धुआं निकलते देखा और तुरंत अन्य कर्मचारियों तथा टीजीएफएसएल में तैनात पुलिस निरीक्षक को सूचित किया। उन्होंने कमरे में उपलब्ध अग्निशामक यंत्र का उपयोग कर प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने का प्रयास भी किया।
पहली मंजिल पर लगा धुआं अलार्म सक्रिय हो गया, जिसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। दमकल की गाड़ियां कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंचीं और दोपहर करीब 1:30 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस घटना में कंप्यूटर फॉरेंसिक लैब, प्रशिक्षण कक्ष तथा पहली मंजिल की कुछ अन्य सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है। इसमें किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के संबंध में स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है और नामपल्ली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में मौके का निरीक्षण कर बड़ी मात्रा में केस संपत्ति बरामद कर सुरक्षित रखी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित