नयी दिल्ली , फरवरी 04 -- नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के जोधपुर ज़ोन ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजस्थान के सांचौर क्षेत्र में मेफेड्रोन ड्रग्स निर्माण की एक अवैध लैब का पर्दाफाश कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

एनसीबी के अधिकारियों ने आज बताया कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और जालोर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में 4.910 किलोग्राम मेफेड्रोन जब्त की है।

उन्होंने बताया कि एनसीबी को मिली खुफिया सूचना के आधार पर चार फरवरी को त्वरित कार्रवाई की गई। यह अभियान ऑपरेशन 'प्रयोगशाला' के अंतर्गत की गई, जिसका उद्देश्य सिंथेटिक ड्रग्स के निर्माण नेटवर्क को जड़ से समाप्त करना है। तलाशी के दौरान मौके से मेफेड्रोन निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और उपकरण बरामद किए गए। इनमें बोरोसिलिकेट जार, थर्मामीटर, औद्योगिक इलेक्ट्रोमैग्नेटिक स्टिरर, वजन मशीन सहित अन्य सामग्री शामिल है।

अभियान के दौरान तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ जारी है और ताकि इससे जुड़े अन्य लोगों को गिरफ्तार किया जा सके।

एनसीबी ने एक बार फिर नशा मुक्त भारत के राष्ट्रीय संकल्प को दोहराते हुए आम जनता से सक्रिय सहयोग की अपील की है। नशीले पदार्थों की बिक्री, परिवहन या तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को मानस - राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन (टोल फ्री नंबर 1933) पर साझा किया जा सकता है। एनसीबी ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित