नयी दिल्ली , दिसंबर 28 -- राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में रविवार को हवा की गुणवत्ता एक बार फिर खराब हो गई।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के दैनिक राष्ट्रीय बुलेटिन के अनुसार ग्रेटर नोएडा, नोएडा और गाजियाबाद में वायु गुणवत्ता का स्तर 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज किया गया, जबकि दिल्ली की गुणवत्ता इसी श्रेणी के करीब रही।

ग्रेटर नोएडा देश का सबसे प्रभावित शहर रहा जहाँ वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 434 दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले 395 था। नोएडा और गाजियाबाद में भी वायु गुणवत्ता 'गंभीर' रही और यहाँ एक्यूआई 414 दर्ज किया गया, जो शनिवार की तुलना में थोड़ा अधिक है।

इस बीच दिल्ली में एक्यूआई 390 दर्ज किया गया, जो सुबह के 385 के स्तर से थोड़ा अधिक है। यह 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है और 'गंभीर' श्रेणी में पहुँचने के करीब है।

सीपीसीबी के मानकों के अनुसार 51 से 100 के बीच एक्यूआई को 'संतोषजनक', 101-200 को 'मध्यम', 201-300 को 'खराब', 301-400 को 'बहुत खराब' और 400 से ऊपर के स्तर को 'गंभीर' माना जाता है।

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने दिल्ली में सुबह के समय कुछ स्थानों पर घने से बहुत घने कोहरे और अधिकांश स्थानों पर मध्यम कोहरे की चेतावनी दी है। वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (एक्यूईडब्ल्यूएस) के पूर्वानुमान के अनुसार राजधानी की वायु गुणवत्ता सोमवार से बुधवार तक 'बहुत खराब' श्रेणी में रहने की संभावना है और गुरुवार से इसके 'बहुत खराब' और 'गंभीर' के बीच रहने के आसार हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित