वाराणसी , अप्रैल 5 -- आध्यात्मिक नगरी काशी में रविवार को मीर घाट पर गंगा में स्नान कर रही युवती असंतुलित होकर गहरे पानी में चली गयी। इस बीच तट पर तनात राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के जवान ने गंगा में छलांग लगा दी और युवती को बचा लियापुलिस ने बताया कि बिहार के मुंगेर जिले की निवासी 16 वर्षीय युवती स्नान के दौरान असंतुलित होकर गहरे जल में चली गई और डूबने लगी। घटना के समय मीर घाट पर पिकेट ड्यूटी पर तैनात एनडीआरएफ के सतर्क रेस्क्यूर आलेखा चंद जीना ने युवती को डूबते देखा। बिना किसी देरी के उन्होंने गहरे जल में छलांग लगा दी और युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। तत्पश्चात युवती को घाट किनारे लाकर उसकी स्थिति सामान्य होने तक आवश्यक सहायता प्रदान की गई।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एनडीआरएफ वाराणसी, उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के कुशल निर्देशन में गंगा घाटों पर 24 घंटे उच्च सतर्कता के साथ तैनात है। बल के प्रशिक्षित एवं समर्पित बचावकर्मी किसी भी आपात स्थिति में त्वरित, प्रभावी और पेशेवर प्रतिक्रिया देते हुए हर जीवन की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।
एनडीआरएफ द्वारा किए गए इस त्वरित, साहसिक एवं दक्षतापूर्ण बचाव कार्य को मीर घाट सहित आसपास के अन्य घाटों पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रत्यक्ष देखा और बचाव दल की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित