अलवर , दिसम्बर 17 -- राजस्थान में कोटपूतली बहरोड जिले के ग्राम मोहनपुर स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार देर शाम ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी से वार्ता की।

आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि इस अवसर पर ग्रामीणों के साथ सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटेकर और कविता श्रीवास्तव भी थीं। इस बातचीत में एनजीटी के निर्देशों का पूर्ण पालन करने पर जोर दिया गया।

सीमेंट संयंत्र के खनन क्षेत्र में आबादी के निकट हो रहे विस्फोटों के विरोध और मुआवजे सहित विभिन्न मांगों को लेकर जोधपुरा और संघर्ष समिति द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।

सूत्रों ने बताया कि एनजीटी आदेशों की प्रगति की समीक्षा के लिए सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटेकर ने कोटपुतली का दौरा कर आंदोलन कर रहे ग्रामीण एवं प्रभावित परिवारों से संवाद करके धरना स्थल और खनन क्षेत्र का निरीक्षण किया । जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वह शामिल हुई। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य परीक्षण में प्रभावित पाए गए लोगों को मुआवजा और क्षतिग्रस्त आवासीय मकान के लिए जो मुआवजा दिया गया वह अपर्याप्त है। उन्होंने समुचित मुआवजा, पुनर्वास और एनजीटी के आदेश की पूर्ण पालन की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित