लखनऊ , मार्च 05 -- हरियाणा के गुरुग्राम स्थित राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) प्रशिक्षण केंद्र, मानेसर में 16 से 28 फरवरी तक आयोजित 16वीं अखिल भारतीय पुलिस स्टैंडअलोन स्नाइपर प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (यूपी एटीएस) के कमांडो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। इसके साथ ही यूपी एटीएस के कमांडो आकाश यादव और राकेश कुमार ने "बेस्ट स्नाइपर डिटैचमेंट इवेंट" में पहला स्थान प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के 17 केंद्रीय और राज्य पुलिस बलों के चयनित स्नाइपर कमांडो ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी सामरिक दक्षता, धैर्य और उच्च स्तरीय निशानेबाजी कौशल का प्रदर्शन किया।
स्नाइपर इवेंट एक विशेष सामरिक प्रतियोगिता होती है, जिसमें लंबी दूरी से सटीक निशाना लगाने की क्षमता, लक्ष्य की पहचान, पर्यावरणीय परिस्थितियों का विश्लेषण और दबावपूर्ण हालात में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता की परीक्षा ली जाती है।
स्नाइपर प्रतियोगिता में आमतौर पर दो सदस्यीय टीम होती है, जिसमें एक शूटर और दूसरा स्पॉटर होता है। दोनों के बीच तालमेल, लक्ष्य का सही निर्धारण, दूरी का सटीक आकलन और परिस्थितियों के अनुरूप रणनीति बनाकर सटीक फायरिंग करना इस प्रतियोगिता की मुख्य कसौटी होती है।
यूपी एटीएस के कमांडो आकाश यादव और राकेश कुमार ने इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए "बेस्ट स्नाइपर डिटैचमेंट इवेंट" में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठ क्षमता का परिचय दिया। यह उपलब्धि यूपी एटीएस की विशेष अभियान क्षमता और सामरिक प्रशिक्षण की उच्च गुणवत्ता को भी दर्शाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित