नयी दिल्ली , अप्रैल 17 -- नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) को भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) से प्रस्तावित नेशनल कोल एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड में निवेश की अनुमति मिल गयी है।
एनएसई ने शुक्रवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह स्वीकृति देश में कोयला व्यापार के लिए एक व्यवस्थित बाजार प्लेटफॉर्म की स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। कंपनी जल्द ही संबंधित नियामक प्रावधानों के तहत कोयला एक्सचेंज स्थापित करने के लिए लाइसेंस के लिए कोयला नियंत्रक संगठन के पास आवेदन करेगी।
उसने बताया कि प्रस्तावित एक्सचेंज का उद्देश्य मानकीकृत अनुबंधों के माध्यम से कोयले के इलेक्ट्रॉनिक स्पॉट ट्रेडिंग को सुविधाजनक बनाना है, जिससे उत्पादकों, उपभोक्ताओं और व्यापारियों सहित बाजार सहभागियों के लिए पारदर्शी मूल्य की तलाश और स्पष्ट निपटान तंत्र सुनिश्चित किया जा सके।
यह पहल केंद्र सरकार के कोयला क्षेत्र सुधारों - जिनमें वाणिज्यिक खनन और मुक्त बाजार परिस्थितियों में कोयला बिक्री शामिल हैं- के अनुरूप है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित