नोएडा , मार्च 16 -- उत्तर प्रदेश के सेंट्रल नोएडा फेस दो थाना क्षेत्र में स्थित नोएडा विशेष आर्थिक क्षेत्र (एनएसईजेड) में एक कंपनी परिसर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की हालांकि त्वरित कार्रवाई के कारण आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। अग्निशमन अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आग लगने की सूचना रविवार देर रात मिली थी। आग लगने की सूचना मिलते ही फेस दो थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। कुछ ही देर में दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकल कर्मियों ने तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित