पटना , फरवरी 05 -- राजधानी पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएमसीएच अस्पताल परिसर में अवैध गतिविधियों में संलिप्त दलालों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने छापेमारी कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दीपक कुमार, निवासी पटना सिटी और चुन्नू कुमार, निवासी वैशाली जिला के रूप में की गई है।

छापेमारी के दौरान तलाशी में दीपक कुमार के पास से जनता मेडिकल हॉल की पर्ची, जबकि चुन्नू कुमार के पास से वैक्सो वेन स्टराइल हाइपोडर्मिक सिरिंज और रक्त संग्रह के बाद उपयोग में आने वाले चिपकने वाले स्वाब कुल 103 पीस बरामद किये गये, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।

इस मामले में आलमगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को मिल रही शिकायतों के मद्देनज़र सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में दलाली पर रोक लगाने के लिये सभी जिलों में निरीक्षण दल गठित करने का निर्देश जिला पदाधिकारियों को दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित