चंडीगढ़ , मई 05 -- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रशासनिक सुधार और डिजिटल शासन को बढ़ावा देते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन अवकाश प्रबंधन प्रणाली शुरू करने की घोषणा की है।
इस पहल का उद्देश्य अवकाश आवेदन प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और तेज बनाना है।
नई प्रणाली के तहत कर्मचारी अब आकस्मिक, असाधारण और मातृत्व अवकाश के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। साथ ही विदेश यात्रा के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के लिए भी आवेदन किया जा सकेगा। पोर्टल में सरल इंटरफेस दिया गया है, जिसमें अवकाश की प्रारंभ और समाप्ति तिथि आसानी से चयन की जा सकती है।
अधिकारियों के अनुसार, आवेदन करने के बाद संबंधित रिपोर्टिंग और अनुमोदन अधिकारियों को एसएमएस के माध्यम से सूचना मिलेगी। अवकाश स्वीकृत या अस्वीकृत होने की जानकारी भी कर्मचारियों को एसएमएस अलर्ट के जरिए मिलेगी। असाधारण अवकाश के मामलों में आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे, जिससे निर्णय प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।
सरकार का कहना है कि यह प्रणाली मैनुअल कार्यप्रणाली को कम कर प्रशासनिक दक्षता बढ़ाएगी और फाइलों में होने वाली देरी को खत्म करेगी। इससे कर्मचारियों की संतुष्टि और जवाबदेही दोनों में सुधार होगा।
आने वाले समय में इस पोर्टल में चिकित्सा अवकाश, पितृत्व अवकाश और अन्य सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी, ताकि यह एक पूर्ण डिजिटल समाधान बन सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित