नयी दिल्ली , जनवरी 16 -- सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने करीब 58000 टन बिटुमिनस कंक्रीट पेविंग से सड़कों का पक्कीकरण कर लगातार दो नये रिकार्ड बनाये हैं और नया इतिहास रचा हैं।

श्री गड़करी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा "राजमार्ग इंजीनियरिंग में नये वैश्विक मानक स्थापित करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण-एनएचएआई ने निरंतर बिटुमिनस कंक्रीट पेविंग में दो और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड हासिल करके इतिहास रचा है। लगातार 156 लेन-किमी पक्कीकरण और 57,500 टन बिटुमिनस कंक्रीट का रिकॉर्ड बनाया गया जो 84.4 लेन-किमी के पिछले विश्व रिकॉर्ड को पार कर गया। पुट्टपर्थी के पास 6-लेन बेंगलुरु-कडपा-विजयवाड़ा आर्थिक गलियारे के पैकेज-2 और पैकेज-3 में हासिल किया गया, यह मील का पत्थर आईआईटी बॉम्बे जैसे प्रमुख संस्थानों के समर्थन से उन्नत मशीनरी, मजबूत लॉजिस्टिक्स और कड़े गुणवत्ता नियंत्रण द्वारा सक्षम किया गया था।"केंद्रीय मंत्री ने कहा "इससे पहले गत 6 जनवरी को एनएचएआई ने 24 घंटे के भीतर 28.8 लेन-किमी और 10,655 टन बिटुमिनस कंक्रीट बिछाकर उसी कॉरिडोर पर दो वैश्विक रिकॉर्ड बनाए थे।"उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के तहत, ये उपलब्धियां विश्व स्तरीय राजमार्ग बुनियादी ढांचे और बड़े पैमाने पर परियोजना निष्पादन में भारत के बढ़ते नेतृत्व को उजागर करती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित