नयी दिल्ली , मार्च 05 -- राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है जिसमें कहा गया है कि दो मार्च को मध्य प्रदेश के इंदौर में एक सीवर कक्ष में दो सफाई कर्मचारियों की मौत हो गई।
एनएचआरसी ने आज बताया कि आयोग ने पाया है कि समाचार रिपोर्ट में उल्लिखित तथ्य, यदि सत्य हैं, तो पीड़ितों के मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन हैं। इस मामले में आयोग ने इंदौर नगर निगम और पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में जांच की स्थिति और पीड़ितों के परिजनों को दिए गए मुआवजे ( यदि कोई हो) का विवरण मांगा गया है।
तीन मार्च को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार , जल निकासी प्रक्रिया के दौरान सीवर में गिरे एक सक्शन टैंकर पाइप के हिस्से को निकालने के लिए पीड़ित सीवर कक्ष में घुसे थे, तभी जहरीली गैसों के कारण वे बेहोश हो गए। उन्हें बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित