नयी दिल्ली , अप्रैल 09 -- राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने बिहार के बेगुसराय जिले के सिसवा क्षेत्र में एक स्कूल के जर्जर शौचालय में बड़ी मात्रा में रखी शराब को शीतल पेय समझकर एक छात्र द्वारा सेवन करने की घटना का स्वतः संज्ञान लियाएनएचआरसी ने गुरुवार को बताया कि आयोग ने उन मीडिया रिपोर्टों का स्वतः संज्ञान लिया है जिसमें कहा गया था कि 06 अप्रैल को बिहार के बेगुसराय जिले के सिसवा क्षेत्र में स्थित एक विद्यालय के जर्जर शौचालय में बोतलों में भरी हुई अवैध शराब को चौथी कक्षा के एक छात्र ने शीतल पेय समझकर गलती से पी ली। वह नशे की हालत में घर लौटा। छात्र के परिवार वालों ने घटना की जानकारी स्कूल के अधिकारियों को दी और मामला पुलिस के संज्ञान में लाया गया। खबरों के अनुसार, पुलिस ने शौचालय से लगभग 204 लीटर अवैध शराब से भरे कुल 23 कार्टन जब्त किए।

आयोग ने पाया कि अगर मीडिया रिपोर्ट में उल्लिखित तथ्य सत्य हैं, तो पीड़ित के मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मामला है। आयोग ने बिहार के मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है, जिसमें बच्चे की स्वास्थ्य स्थिति एवं जांच से संबंधित जानकारी शामिल हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित