हरिद्वार, मई, 02 -- राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित एनईईटी (यूजी) परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, नकल-विहीन एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।

शनिवार को जानकारी देते हुए उप जिला मजिस्ट्रेट हरिद्वार जितेन्द्र कुमार ने बताया कि परीक्षा का आयोजन 03 मई 2026 (रविवार) को अपराह्न 02:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक किया जाएगा। इसके लिए शहर में दो परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं-पीएम श्री गवर्नमेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज, ज्वालापुर और पन्नालाल भल्ला म्यूनिसिपल इंटर कॉलेज, मायापुर।

परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दोनों परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत जारी किया गया है।

आदेश के अनुसार, बिना अनुमति पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, सार्वजनिक सभा, जुलूस एवं धरना-प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही किसी भी प्रकार की गतिविधि, जिससे जनभावनाएं भड़कें या शांति व्यवस्था प्रभावित हो, उस पर सख्ती से रोक लगाई गई है।

प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि प्रदूषण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। इसके अलावा, कोई भी व्यक्ति लाठी, चाकू, तलवार, आग्नेयास्त्र या विस्फोटक सामग्री लेकर नहीं जा सकेगा। परीक्षा केंद्र परिसर में अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, पेजर एवं किसी भी प्रकार की पाठ्य सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत केवल ड्यूटी पर तैनात अधिकारी एवं पुलिस बल को ही निर्धारित क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित