रांची , दिसंबर 23 -- झारखंड के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शामिल होने का प्रस्ताव है, जिसे लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
राष्ट्रपति के संभावित आगमन को लेकर मंगलवार को वाणिज्य कर विभाग के सचिव अमिताभ कौशल और रांची जोन के पुलिस महानिरीक्षक(आईजी) मनोज कौशिक ने संयुक्त रूप से एनआईटी जमशेदपुर परिसर का दौरा किया। इस दौरान दोनों वरीय अधिकारियों ने कॉलेज परिसर में चल रही तैयारियों का गहन निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सचिव अमिताभ कौशल और आईजी मनोज कौशिक ने विशेष रूप से एनआईटी ग्राउंड में तैयार किए जा रहे मुख्य पंडाल और दीक्षांत समारोह के कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। आईजी मनोज कौशिक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था और आसपास के क्षेत्रों में कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
इससे पहले अधिकारियों के एनआईटी परिसर पहुंचने पर पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) और सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने तैयारियों पर संतोष जताया, हालांकि उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी और किसी प्रकार का औपचारिक बयान नहीं दिया।
इस अहम निरीक्षण के दौरान पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला जिले के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी विभागों के बीच समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल और सुरक्षित बनाने पर जोर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 29 दिसंबर को झारखंड दौरे के दौरान दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होना प्रस्तावित है। एनआईटी जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह से पूर्व वह सुबह करनडीह स्थित दिशोम जाहेर परिसर जाएंगी। वहां 'ओल चिकी लिपि' के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित सेमिनार के समापन समारोह में वह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। इसके बाद वह एनआईटी जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित