मुंबई , दिसंबर 20 -- महाराष्ट्र में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गढ़चिरौली जिले में अपहरण और हत्या के मामले में प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के दो फरार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी उपलब्ध कराई।
आरोपियों की पहचान तेलंगाना के निजामाबाद जिले के रहने वाले रघु और गढ़चिरौली जिले के शंकर भीमा महाका के रूप में हुई है। रघु अपने लिए प्रताप, इरपा, मुड्डेला और सैलू जैसे कई नामों का इस्तेमाल करता था। वह एक पुराना माओवादी नेता है, जबकि महाका इलाके में सक्रिय एक हथियारबंद माओवादी दस्ते का सक्रिय सदस्य था।
उल्लेखनीय है कि दिनेश पसु गावड़े का नवंबर 2023 में अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। माओवादी कैडरों ने उस पर पुलिस मुखबिर होने और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबंध होने का आरोप लगाया था। इस मामले की शुरुआती जांच स्थानीय पुलिस ने की थी, जिसके बाद बड़ी साजिश और माओवादी नेतृत्व की संलिप्तता का पता लगाने के लिए इसे एनआईए को सौंप दिया गया।
इस जांच में 55 वर्षीय रघु को हत्या में मुख्य साजिशकर्ता के रूप में पहचाना गया है। वह सीपीआई (माओवादी) की दक्षिण गढ़चिरौली डिवीजनल कमेटी के सचिव के रूप में काम करता था और हत्या का मास्टरमाइंड था। उसे अप्रैल 2025 में भामरागढ़ तालुका के पल्ली जंगल क्षेत्र में गढ़चिरौली पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के संयुक्त अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया था।
इसी अभियान के दौरान उसकी पत्नी जैनी भीमा खरतम उर्फ अखिला सहित उसके तीन साथियों को भी सुरक्षा बलों पर हमले के लिए रेकी करते हुए गिरफ्तार किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित