नयी दिल्ली , नवंबर 08 -- राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (एनआईए) ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र के दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों में बारह स्थानों पर छापेमारी की।

ये छापेमारी प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के सशस्त्र कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट और घात लगाकर किए गए हमले से जुड़े 2023 के एक मामले की चल रही जाँच के तहत की गई।

अधिकारियों के अनुसार अरनपुर आईईडी विस्फोट मामले से जुड़े संदिग्धों और आरोपियों के परिसरों में छापेमारी की गई।

उन्होंने बताया कि यह हमला माओवादी की दरभा डिवीजन कमेटी के सदस्यों द्वारा 26 अप्रैल, 2023 को दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र के पेड़का गाँव के पास किया गया था।

तलाशी के दौरान माओवादियों द्वारा लेवी वसूली से संबंधित नकदी, हस्तलिखित पत्र और मुद्रित रसीद बुक सहित कई आपत्तिजनक सामग्री, साथ ही संदिग्धों के डिजिटल उपकरण भी जब्त किए गए।

माना जा रहा है कि इन व्यक्तियों के इस घातक हमले में शामिल माओवादी कार्यकर्ताओं से घनिष्ठ संबंध हैं।

उन्होंने बताया कि मामले की जाँच है और अब तक 27 गिरफ्तार व्यक्तियों के खिलाफ दो आरोप पत्र दायर किए जा चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित