नयी दिल्ली , दिसंबर 20 -- राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने महाराष्ट्र के दिनेश पुसु गावड़े हत्याकांड में दो और फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।दोनों वांछित आरोपी प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) आतंकवादी संगठन के सदस्य हैं। इनकी पहचान तेलंगाना के निजामाबाद जिले के रघु उर्फ प्रताप उर्फ इरपा उर्फ मुद्देला उर्फ सैलू और महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले के शंकर महाका के रूप में हुई है।

गावड़े का नवंबर 2023 में गढ़चिरोली में सीपीआई (माओवादी) सदस्यों ने अपहरण करके बेरहमी से हत्या कर दी गयी थी। उन पर पुलिस मुखबिर होने और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का सदस्य होने का संदेह था।

यह वारदात स्थानीय ग्रामीणों में आतंक फैलाने और नक्सली गतिविधियों तथा आंदोलनों से संबंधित किसी भी जानकारी को सुरक्षा बलों के साथ साझा नकरने के लिए संगठन की रणनीति के तहत किया गया था।

एनआईए ने अक्टूबर 2024 में गढ़चिरोली पुलिस से जांच अपने हाथ में ली थी। उसने पहले ही इस मामले में चार अन्य आरोपियों, डोबा वड्डे, रवि पल्लो, सत्तू महाका और कोमाटी महाका के खिलाफ आरोपपत्र दायर कर दिया है।

मामले की जांच जारी है और एनआईए इस जघन्य हत्या के पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश करने और फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए काम कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित