मुंबई , दिसंबर 16 -- चैनल एण्डटीवी के फैमिली कॉमेडी शो 'घरवाली पेडवाली' की टीम ने मुंबई की सड़कों पर अनोखी बारात निकाली।
शो के प्रमोशन के लिए चैनल ने पहली बार शहर की सड़कों पर एक भव्य और अनोखी बारात निकाली, जिसने मुंबई को रंग, संगीत और मस्ती से भर दिया।
शो के मुख्य किरदार जीतू पांडे (पारस अरोड़ा) अपनी दो दुल्हनों -सावी (सीरत कपूर) और लतिका (प्रियंवदा कांत) के साथ एक सजी-धजी रंगीन बस में सवार होकर शहर के कई मशहूर इलाकों से गुज़रे। यह अनोखी बारात अंधेरी, जुहू, बांद्रा और वर्ली से होती हुई अमिताभ बच्चन के 'जलसा', शाहरुख खान के 'मन्नत', सलमान खान के 'गैलेक्सी अपार्टमेंट' और ईशा अंबानी के 'गुलिता' जैसे चर्चित ठिकानों के पास से गुज़री। रास्ते में लिंकिंग रोड, खूबसूरत बांद्रा-वर्ली सी लिंक और हाजी अली पर भी लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
इस बारात में शो की पूरी ऑन-स्क्रीन फैमिली, रिश्तेदार और ऑफिस के किरदार नजर आए। इनमें शामिल थे- जीतू के माता-पिता गीता पांडे (गीता बिष्ट) और रीता पांडे (ऋचा सोनी), रमेश पांडे (हर्ष वशिष्ठ), सुरेश पांडे (बृज भूषण शुक्ला), दादाजी (बबलू मुखर्जी), रितिका बुआ (प्रीति सहाय दुबे), पनौती मामा (अमिताभ घाणेकर), सावित्री (प्रियंवदा सिंह), टिल्लूमल (सुदीप सारंगी), लट्टू (विनायक सिंह) और पप्पी (लोटा तिवारी)। इससे यह प्रमोशनल इवेंट बिल्कुल शो की तरह ही एक बड़े पारिवारिक जश्न में बदल गया।
बारात का सबसे खास पल बांद्रा बैंडस्टैंड पर देखने को मिला, जहां अचानक एक सरप्राइज फ्लैश मॉब शुरू हुआ। डांसर्स की जोशीली परफॉर्मेंस ने आम शाम को एक रंगीन उत्सव में बदल दिया। सड़क पर चलते लोग रुक गए, मोबाइल कैमरे चल पड़े और हर तरफ तालियों व मुस्कान की गूंज सुनाई दी। एक दूल्हा और दो दुल्हनों- जिसमें एक असली और दूसरी रहस्यमयी है- के दिलचस्प नजारे के साथ यह दृश्य शो की कहानी को बखूबी दर्शा रहा था।
'घरवाली पेड़वाली' हर सोमवार से शुक्रवार, रात 10:00 बजे, सिर्फ एण्डटीवी और हिंर्दी जेड5 पर प्रसारित होता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित