अगरतला , मार्च 25 -- त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (एडीसी) के आगामी चुनावों से पहले सुरक्षा व्यवस्था में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए, रेलवे पुलिस ने मंगलवार शाम अगरतला रेलवे स्टेशन पर एक संदिग्ध हथियार तस्कर को हिरासत में लिया।
अधिकारियों ने संदिग्ध व्यक्ति के पास से एक अवैध हथियार, कारतूस और एक मैगजीन ज़ब्त की है। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के थाना प्रभारी राजू भौमिक ने बताया कि यह गिरफ्तारी रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) चौकी के पास पार्किंग क्षेत्र के पास नियमित जांच के दौरान हुई।
इस अभियान के दौरान सिपाहीजाला जिले के मधुपुर निवासी सुब्रत दत्ता नामक संदिग्ध को पकड़ा है। श्री भौमिक के अनुसार, तलाशी के दौरान एक 7.65 मिमी का अवैध हथियार, एक मैगजीन और दो कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने इन हथियारों को मौके पर ही ज़ब्त कर तस्कर को हिरासत में ले लिया गया। शुरुआती पूछताछ से संकेत मिला है कि यह हथियार बिहार के भागलपुर से मंगवाया गया था और अवैध व्यापार के लिए त्रिपुरा लाया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित