एडीजी लॉ एंड ऑर्डर समीक्षादेहरादून , मार्च 17 -- उत्तराखंड के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी), अपराध एवं कानून व्यवस्था (लॉ एंड ऑर्डर) डा वी मुरूगेशन ने मंगलवार को वर्चुअल रूप से राज्य मेंअपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की।

डा मुरूगेशन ने पुलिस द्वारा किये जा रहे सत्यापन अभियान की सभी जनपदों से जानकारी ली। इस दौरान बताया गया कि 15 फरवरी से शुरू सघन सत्यापन अभियान में राज्य में कुल 1,22,411 सत्यापन किये गये। कुछ जनपदों ने इन अभियान के दौरान संदिग्ध अपराधियों को भी पकडा है।

उन्होंने निर्देश दिए कि सत्यापन के उद्देश्यों को भली-भांति समझ लिया जाना आवश्यक है। इस कार्यवाही में मुख्यतः यह भी देखा जाये कि कोई कुख्यात अपराधी बाहरी राज्यों से भागकर राज्य में निवास तो नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में आपराधिक इतिहास ज्ञात करने के लिए प्रचलित विभिन्न पोर्टलों का सहयोग लिया जाये।

एडीजी ने भूमि सम्बन्धी धोखाधड़ी के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में राजपत्रित अधिकारी की जांच के उपरान्त ही नियमानुसार अभियोग पंजीकृत कर साक्ष्यों के आधार पर विधिक निस्तारण कराया जाये। इस सम्बन्ध में यह भी ध्यान रखा जाये कि दीवानी प्रकृति के मामलों में पुलिस अनावश्यक हस्तक्षेप न करें। उन्होंने गढ़वाल और कुमायूं दोनों रेंज के आईजी को ऐसे मामलों में कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिये।

डा मुरूगेशन ने लापता और गुमशुदगी मामलों की समीक्षा करते हुए विशेषकर नाबालिग बच्चों के गुमशुदा होने पर एफआईआर दर्ज कर गुमशुदा को बरामद करने की कार्यवाही तत्काल प्रारम्भ की जाये। उन्होंने इस सम्बन्ध में उच्चतम न्यायालय अथवा उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा मुख्यालय द्वारा जारी एस0ओ0पी0 का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुमशुदगी के रिकवरी रेट को बढाया जाना आवश्यक है।

बैठक में तीन वर्ष से अधिक समय से लम्बित अभियोगों की विवेचकवार समीक्षा की गयी। जनपद प्रभारियों द्वारा अपने-अपने जनपदों की प्रगति रिपोर्ट बताई गई। एडीजी द्वारा लम्बे समय से लम्बित विवेचनाओं के सम्बन्ध में आपत्ति प्रकट करते हुये सम्बन्धित क्षेत्राधिकारी को अपने निकटतम पर्यवेक्षण में अभियोगों का अविलम्ब निस्तारण कराने को निर्देशित किया गया। साथ ही दूसरे राष्ट्र में निवासरत आरोपियों के विरूद्ध नियमानुसार एलओसी तथा रेड कार्नर नोटिस जारी करने की कार्यवाही के लिए भी निर्देशित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित