नैनीताल , मार्च 31 -- उत्तराखंड के अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ0 वी0 मुरुगेशन ने मंगलवार को हल्द्वानी में नैनीताल और ऊधमसिंहनगर जनपद की कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में दोनों जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत सभी राजपत्रित अधिकारी और क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।

एडीजी ने समीक्षा के दौरान विशेष अपराधों, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और लंबित विवेचनाओं की स्थिति का बारीकी से आकलन किया और स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध नियंत्रण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में एडीजी ने महिला अपराधों की विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर 60 दिन के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही नशा तस्करी के मामलों में केवल छोटे तस्करों पर कार्रवाई तक सीमित न रहकर बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने पर जोर दिया। उन्होंने बड़े तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई और अवैध संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया तेज करने को कहा।

एडीजी ने गुमशुदा व्यक्तियों, खासकर नाबालिगों की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। अज्ञात शवों की पहचान के लिए डीएनए प्रोफाइलिंग, सोशल मीडिया और अन्य आधुनिक तकनीकों के अधिकतम उपयोग पर भी बल दिया गया।

उन्होंने सभी थानों में शिकायतों और प्रार्थना पत्रों के समयबद्ध निस्तारण, नियमित निरीक्षण और लंबित मामलों के भौतिक सत्यापन के निर्देश दिए। साथ ही ई-साक्ष्य और डिजिटल पोर्टलों पर डेटा फीडिंग की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित