एडीलेड , दिसंबर 16 -- एडिलेड ओवल में इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले तीसरे एशेज़ टेस्ट में कप्तान पैट कमिंस और अनुभवी ऑफ-स्पिनर नेथन लायन की वापसी हो गयी है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को पिंक बॉल टेस्ट के लिये टीम का ऐलान करते हुए यह जानकारी दी।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बताया कि कमिंस और लायन ने ऑलराउंडर माइकल नेसर और तेज गेंदबाज ब्रेंडन डॉगेट की जगह ली है, जबकि 39 वर्षीय सलामी बल्लेबाज उस्मान ख़्वाजा पीठ की चोट के कारण अब भी टीम से बाहर हैं। ऑस्ट्रेलिया फिलहाल पांच टेस्ट मैचों की एशेज सीरीज में 2-0 से आगे है। जोश इंग्लिस एकादश में बरकरार हैं और नंबर सात पर बल्लेबाजी करते रहेंगे।
इस बीच, कप्तान कमिंस ने ख्वाजा की निराशा को समझते हुए सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की मजबूत स्थिति के बावजूद टीम से बाहर होने के बाद उनके रवैये की तारीफ की।
कमिंस ने कहा, "वह एक सच्चे 'टीम मैन' हैं। टीम को जो भी चाहिए, वह करेंगे। और यह सिर्फ उज़ी (उस्मान) ही नहीं, बल्कि बो वेबस्टर भी हैं जो इन तीन टेस्ट मैचों में टीम से बाहर रहे हैं। नेसर ने पांच विकेट लिए हैं, और डॉगेट ने पहले दो टेस्ट खेले हैं और बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हमें एशेज सीरीज जीतने के लिए एक स्क्वाड की जरूरत है, और वे सभी शानदार प्रदर्शन करते हैं।"इस साल की शुरुआत में वेस्टइंडीज के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की सीरीज के बाद कमिंस पहली बार टेस्ट में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने पुष्टि की है कि वह पूरी तरह से फिट हैं और वर्कलोड के मामले में उन पर कोई पाबंदी नहीं होगी।
कमिंस ने कहा, "हां, मैं खेलने के लिए तैयार हूं। मैं कुछ समय से 100 प्रतिशत स्तर पर गेंदबाजी कर रहा हूं। अगर मैंने ब्रिस्बेन में खेला होता, तो शायद मैं सीमित संख्या में ही ओवर फेंक पाता, लेकिन यह मैच किसी भी दूसरे टेस्ट की तरह ही है।"उल्लेखनीय है कि इंग्लैंड ने तीसरे टेस्ट के लिये अपनी एकादश की घोषणा सोमवार को की। इसमें तेज गेंदबाजी आक्रमण में गस एटकिंसन की जगह जोश टंग को शामिल किया गया है। ऑस्ट्रेलिया की सीरीज में बढ़त के बावजूद, कमिंस को मेहमान टीम से मजबूत वापसी की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित