जालौन , दिसंबर 28 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद के एट कोतवाली क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर से कुचलकर एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय उरई भेज दिया गया।

मृतक की पहचान कोंच निवासी शिवकुमार (लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है। शिवकुमार मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और राशन व खाद्यान्न के माल को लोड-अनलोड करने का कार्य करता था। रविवार को वह ट्रैक्टर-ट्रॉली पर खाद्यान्न लादकर कोंच से ग्राम भरसूड़ा और छिरावली की ओर जा रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भिटारा मोड़ से करीब 100 मीटर आगे बढ़ने पर मोड़ के पास ट्रैक्टर के इंजन अथवा ट्रॉली पर बैठे शिवकुमार का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। दुर्भाग्यवश, गिरते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली का पिछला पहिया उसके सिर के ऊपर से निकल गया। इस भीषण हादसे में शिवकुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर एट कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पंकज पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए उरई भेज दिया।

मृतक के परिवार में पत्नी रमा अहिरवार और तीन पुत्र आदर्श (13 वर्ष), आर्यन (9 वर्ष) व अर्पित (6 वर्ष) हैं। शिवकुमार की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित