बैतूल , दिसंबर 19 -- बैतूल में एटीएम पिन जनरेट करने के दौरान ठगी का एक मामला सामने आया है। इंडियन ओवरसीज बैंक की गंज शाखा के एटीएम में पिन बनाते समय एक ग्राहक से धोखे से एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से करीब 85 हजार रुपये निकाल लिए गए।

जानकारी के अनुसार खाताधारक अंकित कासदे एटीएम मशीन पर अपना पिन जनरेट कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। पिन जनरेट होने के बाद आरोपी ने मौका पाकर अंकित का असली एटीएम कार्ड बदलकर सपना तिवारी नाम का दूसरा एटीएम कार्ड दे दिया।

एटीएम से बाहर निकलते ही अंकित के मोबाइल पर खाते से राशि निकासी के संदेश आने लगे। जब तक वे वापस बैंक पहुंचे और अधिकारियों को सूचना दी, तब तक उनके खाते से करीब 85 हजार रुपये निकाले जा चुके थे।

जांच में सामने आया है कि आरोपी शाहपुर के पहावाड़ी क्षेत्र का निवासी है, जिसने ट्रैक्टर खरीदने के लिए बैंक में खाता खुलवाया था। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर सेल और गंज थाना पुलिस में दर्ज कराई है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित