एटा , जनवरी 20 -- उत्तर प्रदेश में एटा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या के आरोपियों का अब तक पता नहीं चल सका है।
क्षेत्र के नगला प्रेमी सुनहरी नगर में एक ही परिवार के चार लोगों की घर में घुसकर दिन दहाड़े हत्या कर दी गयी थी। मृतकों में डॉ गंगा सिंह शाक्य (70), उनकी पत्नी श्यामा देवी (65),उनके बेटे कमल सिंह की पत्नी रत्ना देवी (40) व रत्ना देवी की बेटी ज्योति (23) शामिल है। तीन लोगों की मौत घर में ही हो गयी थी जबकि गंगा सिंह शाक्य की पत्नी श्यामा देवी ने एटा मेडिकल कालेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
दुस्साहिक वारदात के बाद जहां क्षेत्र में दहशत भरा सन्नाटा पसरा हैं वहीं पुलिस हत्यारों की धरपकड़ के लिये जोर शाेर से जुटी है। हत्या के बाद अलीगढ मण्डल के डीआईजी प्रभाकर चौधरी व आगरा जोन की एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने एटा पहुंच कर वरिष्ठ पुलिस अधीचक श्याम नारायण सिंह के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया और क्राइम सीन को समझा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सारे एंट्री,एग्जिट व सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग देखी गयी है। सभी उपलब्ध तकनीकी उपकरणों के द्वारा इन्वेस्टीगेशन किया जा रहा है। डॉग स्क्वायड, फॉरेनसिक जांच और टेक्निकल साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। जो भी संदेह के घेरे में आयेंगे,उनसे पूछताछ की जाएगी, जल्दी ही मुल्जिम तक पहुंचेगे।
पीड़ित परिवार के तीन सदस्य कमल सिंह और उनकी बड़ी पुत्री लक्ष्मी शिकोहाबाद रोड पर अपने लक्ष्मी मेडिकल स्टोर में बैठे थे जबकि कमल सिंह का बेटा देवांश सुनहरी नगर स्थित कलावती सरस्वती विद्यालय मंदिर में कक्षा पांच में पढता है, वहाँ पढ़ने गया हुआ था इसलिये ये तीनो बच गए। सभी चार मृतकों की हत्या सडक पर लगायी जाने वाली सीमेंट की टाइल्स की ईंट से सर कुचल कर की गयी थी। जिस ईंट से कुचल कर हत्या की गयी उसको भी बरामद कर लिया गया है।
इस मामले में कमल सिंह शाक्य की तहरीर पर एटा कोतवाली नगर में अपराध संख्या 35/2026 धारा 103(1) बी एन एस बनाम अज्ञात पंजीकृत कर विवेचना की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित