जम्मू , दिसंबर 17 -- जम्मू रेंज के पुलिस महानिरीक्षक शिव कुमार ने बुधवार को जम्मू संभाग के कठुआ जिले के बिलावार क्षेत्र में चल रही ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने कठुआ की एसएसपी मोहिता शर्मा, एसएसपी सांबा वरिंदर मनहास और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ यह समीक्षा की। यह समीक्षा उधमपुर जिले के सोन क्षेत्र से हाल ही में रिपोर्ट हुई गोलीबारी की घटना की पृष्ठभूमि में की गयी है।
श्री कुमार ने बिलावार के कमला टॉप का भी दौरा किया ताकि जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ले सकें। समीक्षा के दौरान उन्होंने क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने जिम्मेदारी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतें और सक्रिय रहें।
विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच मजबूत समन्वय की आवश्यकता पर जोर देते पुलिस उप महानिरीक्षक ने कहा कि भविष्य में किसी भी संभावित सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए प्रभावी अंतर-एजेंसी सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।
श्री कुमार ने सुरक्षा बलों की तैनाती की समीक्षा की और संवेदनशील तथा कमजोर क्षेत्रों में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त बलों की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने खुफिया जानकारी एकत्र करने और सूचनाओं के समय पर साझा करने के महत्व को रेखांकित किया ताकि सुरक्षा खतरों का प्रभावी ढंग से मुकाबला किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित