चंडीगढ़ , मार्च 19 -- एक त्वरित और संयुक्त ऑपरेशन में, एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ), पंजाब और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) हरियाणा (करनाल यूनिट) ने भगोड़े गैंगस्टर लकी पटियाल (बंबीहा गैंग) के दो मुख्य सहयोगियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि आरोपियों की पहचान राजन उर्फ पीयूष पहलवान और प्रीतम शाह के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी 18 मार्च को चंडीगढ़ के सेक्टर 9 में हुई चरणप्रीत सिंह उर्फ चिन्नी की सनसनीखेज हत्या में शामिल थे।

डीजीपी ने कहा कि ऑपरेशन के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीमों पर गोलियां चलायीं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गये, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने कहा कि एजीटीएफ पंजाब ने पूरे मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए मात्र 30 घंटे से भी कम समय में आरोपियों को दबोच लिया।

श्री यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि राजन उर्फ पीयूष पहलवान, जीवनजोत सिंह उर्फ जुगनू के ड्राइवर यदुविंदर सिंह की हाई-प्रोफाइल हत्या के मामले में भी वांछित था। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन अत्याधुनिक पिस्तौल और अन्य सामग्री बरामद की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित