मधुबनी , अप्रैल 30 -- बिहार में मधुबनी जिले के जिलाधिकारी आनंद शर्मा को एग्री स्टैक परियोजना के अंतर्गत फॉर्मर रजिस्ट्री के द्वितीय चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राजधानी पटना में आयोजित एक दिवसीय राज्यस्तरीय कार्यशाला में सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी श्री शर्मा को इस अवसर पर प्रशस्ति पत्र के साथ पचास हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया गया। यह सम्मान बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत एवं पुलिस महानिदेशक विनय कुमार द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। कार्यक्रम में राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक व अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित एग्री स्टैक परियोजना के तहत किसानों का फार्मर आईडी तैयार किया जा रहा है, जिससे उन्हें कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सुनिश्चित रूप से प्राप्त हो सके। मधुबनी जिले ने जिलाधिकारी आनंद शर्मा के नेतृत्व में इस अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। किसानों के ई-केवाईसी की प्रक्रिया कृषि विभाग के कर्मियों द्वारा संपन्न की जा रही है, जिसके बाद राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के माध्यम से जमाबंदी प्रविष्टि कर फार्मर आईडी जारी किया जा रहा है।जिला प्रशासन की सतत निगरानी,समन्वित प्रयास एवं त्वरित समस्या समाधान के कारण यह कार्य तेजी से आगे बढ़ा है।
द्वितीय चरण के दौरान मधुबनी जिला प्रतिदिन राज्य के शीर्ष पांच जिलों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराता रहा है, जो जिले की कार्यक्षमता और प्रतिबद्धता का परिचायक है। अब तक जिले में बड़ी संख्या में किसानों का फार्मर आईडी तैयार किया जा चुका है, जिससे उन्हें भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे एवं सुगमता से प्राप्त होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित