ग्रेटर नोएडा , मार्च 30 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर क्षेत्र ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार, लोहे का पाना, एक अवैध तमंचा, कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया गत रविवार को इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में अमरपाल, अमित कुमार और सनी शामिल हैं।

जांच में सामने आया कि मृतक अमित उर्फ भोंचू और मुख्य आरोपी अमरपाल के बीच पुरानी दुश्मनी थी। मृतक के खिलाफ पहले पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें वह जेल भी जा चुका था। जेल से बाहर आने के बाद दोनों पक्षों के बीच लगातार विवाद चल रहा था।

आरोपी 23 मार्च को मध्य प्रदेश स्थित बागेश्वर धाम घूमने गए थे। वहीं से लौटते समय अमरपाल को सूचना मिली कि अमित उर्फ भोंचू उनके क्षेत्र में देखा गया है। इसके बाद रास्ते में ही हत्या की साजिश रच ली गई।

25 मार्च को परीचौक के पास तीनों आरोपियों की अमित से मुलाकात हुई। कहासुनी के बाद अमित भागने लगा, तभी आरोपियों ने कार से उसे कुचल दिया। इसके बाद घायल अवस्था में उसे कार में डाल लिया और लोहे के पाना से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी शव को सफीपुर गांव के पास अंडरपास के नजदीक सुनसान कच्चे रास्ते पर फेंककर फरार हो गए।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित