चंडीगढ़ , फरवरी 14 -- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा है कि प्रदेश सरकार किसान हितैषी है और किसानों से जुड़ी योजनाओं को गंभीरता से लागू कर रही है। बागवानी फसलों को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनायें चलाई गयी हैं।

इनका लाभ किसानों को प्रत्यक्ष रूप से मिल रहा है। फलों और सब्जियों के बाजार मूल्य कम होने की स्थिति में किसानों को भावांतर भरपाई योजना के तहत मुआवजा प्रदान किया जाता है, ताकि उत्पादकता और लागत में संतुलन बना रहे।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री यमुनानगर में बागवानी विभाग द्वारा खंड रादौर के त्रिवेणी गार्डन में एकीकृत बागवानी मिशन के तहत आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बागवानी मधुमक्खी पालन और टिकाऊ कृषि के क्षेत्र में नयी पहल की है। किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से योजनाएं तैयार कर प्रभावी ढंग से लागू की जा रही हैं। वर्तमान कार्यकाल में हजारों एकड़ क्षेत्र में उन्नत तकनीकों के माध्यम से सब्जी उत्पादन को बढ़ावा दिया गया है। संरक्षित खेती अपनाने वाले किसानों को 50 से 85 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि बागवानी क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों के प्रदर्शन के लिए उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किये गये हैं, जिससे उत्पादन और आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। हरियाणा भावांतर भरपाई योजना लागू करने वाला देश का पहला राज्य है। सरकार कृषि को लाभकारी बनाने और राज्य को कृषि नवाचार का केंद्र बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित