टिहरी, दिसंबर 16 -- उत्तराखंड में टिहरी जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में एकीकृत अवस्थापना विकास परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी, मुनि की रेती नगर पालिका परिषद एवं तपोवन नगर पंचायत को अपने-अपने क्षेत्रों में होटल एवं होमस्टे में सीवर व्यवस्था तथा पेयजल आपूर्ति की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस प्रक्रिया में जल संस्थान एवं जल निगम को भी सम्मिलित कर आपसी समन्वय से कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।

समीक्षा के दौरान अधिशासी अधिकारी मुनि की रेती और तपोवन द्वारा सभी शहरी स्थानीय निकायों के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित उपकरणों की आवश्यकता बताई गई। इसके अंतर्गत कैटल कैचर, स्प्रिंकलर, मोबाइल टॉयलेट, जेसीबी, कम्पैक्टर तथा स्मार्ट स्ट्रीट लाइट मैनेजमेंट सिस्टम आदि की मांग रखी गई।

बैठक में अधिशासी अधिकारी मुनि की रेती अंकिता जोशी, अधिशासी अधिकारी तपोवन अंजलि रावत, प्रोजेक्ट मैनेजर यूयूएसडीए जतिन सिंह, टीम लीडर विनय कुमार, जीआईएस एक्सपर्ट अंकित सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित