लखनऊ , दिसंबर 16 -- भारतीय टीम जब बुधवार को यहां एकाना स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में जीत की मुहर लगाने के इरादे से मैदान में उतरना चाहेगी, लेकिन कुछ खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन पर भी दर्शकों की निगाहें टिकी होंगी।

पांच मैचों की सीरीज़ में 2-1 की बढ़त हासिल कर चुकी मेज़बान टीम आत्म-विश्वास के साथ मैदान पर उतरेगी, खासकर पिछले मैच की जीत के बाद। तीसरे टी20 मुकाबले में भारत ने पहले गेंदबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 117 रन पर ऑलआउट कर दिया। उसके बाद भारतीय टीम ने तीन विकेट गंवाकर यह लक्ष्य 15.5 ओवर में बेहद आसानी से हासिल कर लिया।

तीसरे मैच में एक बार फिर साबित हुआ कि अभिषेक शर्मा भारत की विस्फोटक शुरुआत के लिये कितने अहम हैं। अभिषेक के जोड़ीदार शुभमन गिल ने जहां 28 गेंदों पर 28 रन बनाये, वहीं खुद अभिषेक ने 18 गेंद पर तीन चौकों और तीन छक्कों के साथ 35 रन बनाकर भारत को धुआंधार शुरुआत दी।

गिल के अलावा भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव भी पिच पर संघर्ष करते नज़र आए हैं। दोनों ही बल्लेबाज़ अतीत में खुद को साबित कर चुके हैं और इस मैच में रन बनाकर अपने रंग में लौटना चाहेंगे। गेंदबाज़ी की बात करें तो अक्षर पटेल के चले जाने से पश्चिम बंगाल के ऑलराउंडर शाहबाज़ अहमद को अपना लोहा मनवाने का मौका मिला है। वह इस मौके को दोनों हाथों से लपकना चाहेंगे।

अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा की जोड़ी भारत को गेंद से शुरुआती सफलताएं दिलाने में सफल रही है, वहीं वरुण चक्रवर्ती की फिरकी भी दक्षिण अफ्रीका के लिये एक अबूझ पहेली साबित हुई है। बुमराह के टीम में होने पर अब भी संशय है लेकिन उनकी गैर-मौजूदगी में भी भारतीय गेंदबाज़ी अजेय प्रतीत हुई है।

इस बीच, दक्षिण अफ्रीका खुद के हालात ढाक के तीन पात की तरह हैं। तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में उनकी चिर परिचित खामियां सामने आईं। पिच पर गेंद की हरकत और भारतीय गेंदबाज़ों के अनुशासन के सामने केवल एडन मार्करम ही पिच पर टिके रहे। अगर मेहमान टीम को सीरीज़ को ज़िन्दा रखना है तो मार्करम और क्विंटन डी कॉक को अब मजबूती के साथ पारी की शुरुआत देनी होगी। ट्रिस्टन स्टब्स, डेवाल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर पर भी यह ज़िम्मेदारी होगी कि फिरकी गेंदबाज़ों के आने के बाद पारी की रफ्तार धीमी न पड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित