पटना , अप्रैल 10 -- बिहार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने विभाग के अधिकारियों को पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य के हित में राज्य में चिन्हित उत्पादों पर लगाए गए प्रतिबंध का सख्ती से पालन किए जाने के निर्देश दिए और कहा कि एकल प्लास्टिक के बदले वैकल्पिक उत्पादों के उपयोग के लिए जनता को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।

मंत्री श्री कुमार ने आमजनों के बीच इस विषय पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान शुरू करने एवं इस अभियान में जन-सहभागिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि आज राज्य के शहरों के अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्लास्टिक के उपयोग में वृद्धि हुई है, इस लिए इन क्षेत्रों में भी जन-जागरूकता के साथ प्लास्टिक अपशिष्ट के बेहतर प्रबंधन की आवश्यकता है।

श्री कुमार की अध्यक्षता में उनके विभाग तथा बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद् के संयुक्त तत्वाधान में 'एकल उपयोग प्लास्टिक के प्रबंधन' पर एक बैठक का आयोजन शुक्रवार को अरण्य भवन, पटना के सभागार में किया गया।

बैठक में बिहार विधान सभा के सदस्यगण- नचिकेता, छोटी कुमारी एवं बिहार विधान परिषद् क सदस्यगण डॉ. समीर कुमार सिंह एवं सर्वेश कुमार शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित