सुकमा , मार्च 13 -- छत्तीसगढ़ में शिक्षण के क्षेत्र में रोजगार की तलाश कर रहे अभ्यर्थियों के लिए सुनहरा अवसर है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) सुकमा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए संविदा शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। इसके लिए 25 मार्च को वॉक-इन-इंटरव्यू होगा।

विद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार विभिन्न विषयों के लिए कुल तीन पदों पर भर्ती की जानी है। इनमें पीजीटी (रसायन शास्त्र) के लिए एक पद, पीजीटी (अर्थशास्त्र) के लिए एक पद तथा टीजीटी (सामाजिक विज्ञान) के लिए एक पद शामिल हैं। चयन प्रक्रिया के तहत इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों का वॉक-इन-इंटरव्यू 25 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे से आयोजित किया जाएगा। यह साक्षात्कार एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सुकमा परिसर, जिला सुकमा, छत्तीसगढ़ में आयोजित होगा।

अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता शर्तें नेशनल एजुकेशन सोसायटी फॉर ट्राइबल स्टूडेंट्स (नेस्ट्स) के नियमों के अनुरूप निर्धारित की गई हैं। इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे पदों से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के निर्देशों के लिए आधिकारिक वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.ईएमआरएससुकमा.इन या नेस्ट्स.ट्राइबल.जीओवी.इन पर जाकर अवश्य देखें।

विद्यालय प्रशासन ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने सभी मूल दस्तावेजों, शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों एवं आवश्यक प्रतियों के साथ साक्षात्कार में उपस्थित होना सुनिश्चित करें। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यह भर्ती पूरी तरह से संविदा के आधार पर की जाएगी और चयनित अभ्यर्थियों से आगामी शैक्षणिक सत्र में पठन-पाठन का कार्य लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित