मुंबई , फरवरी 13 -- महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई में रह रहे कथित अवैध बंगलादेशी प्रवासियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की घोषणा की है।
श्री शिंदे ने शुक्रवार को कहा कि मुंबई को "बंगलादेशी मुक्त" बनाया जाएगा। जहां भी ऐसे लोग पाए जाएंगे, वहां जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें निर्वासन भी शामिल है। उन्होंने कहा कि फर्जी तरीके से प्राप्त किए गए आधार कार्ड और अन्य सरकारी दस्तावेजों की जांच कराई जाएगी।
यह बयान ऐसे समय आया है जब हाल ही में निर्विरोध चुनी गई मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने अपने कार्यकाल में कथित अवैध बंगलादेशी और रोहिंग्या फेरीवालों के खिलाफ कार्रवाई को प्राथमिकता देने की बात कही है। उन्होंने कहा था कि शहर की सड़कों पर अतिक्रमण करने वाले फेरीवालों की पहचान और हटाने के लिए पुलिस और मनपा अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाई जाएगी।
इन बयानों पर एआईएमआईएम नेता वारिस पठान ने आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल और नगर नेतृत्व गंभीर नागरिक मुद्दों के बजाय विभाजनकारी बयानबाजी पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कथित घुसपैठियों की गिरफ्तारी या हिरासत के आंकड़ों पर कोई स्पष्ट डेटा नहीं है, जबकि वायु प्रदूषण, बुनियादी ढांचा और जीवन गुणवत्ता जैसे मुद्दों पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित