गुरुग्राम , जनवरी 22 -- गुरुग्राम में विशाल एकीकृत वाणिज्यिक आईटी कार्यालय कैंपस का परिचालन करने वाली एएसएफ इनसिग्निया ने गुरुवार को बताया कि उसने मुंबई के अल्फा अल्टरनेटिव्स से करीब 1,250 करोड़ रुपये का निवेश प्राप्त करने का करार किया है। यह शेयर पूंजी और सेमी-इक्विटी पूंजी के रूप में आयेगा।

एएसएफ इनसिग्निया ने एक विज्ञप्ति में कहा कि इस सौदे से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में उसकी उच्च गुणवत्ता वाले कार्यालय रीयल एस्टेट संपत्तियों में संस्थागत निवेशकों की सतत रुचि झलकती है। कंपनी ने कहा है कि उसे यह निवेश कई हिस्सों में प्राप्त होगा। करीब 450 करोड़ रुपये का पहला हिस्सा पहले ही प्राप्त हो चुका है।

इस पूंजी का उपयोग ऋण में कमी करने और एएसएफ की इकाइयों के पूंजी आधार में सुधार के लिए किया जाएगा ताकि लक्षित आधारभूत ढांचे और सुविधाओं में सुधार और परिसर के अनुभावों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

एएसएफ इनसिग्निया के अनिल सराफ ने कहा, " हमारा ध्यान बैलेंस शीट, संपत्ति की गुणवत्ता को मजबूत करने और एक ऐसे कैंपस का निर्माण करने पर केंद्रित है जो बड़े उपक्रमों और वैश्विक क्षमता वाले केंद्रों की उभऱती जरूरतों को किफायती लागत के आधार पर निरंतर पूरा करे।" अल्फा अल्टरनेटिव्स के कौशल बियानी ने कहा, " हमें व्यापक स्तर के करीब 45 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में फैले एक उच्च गुणवत्ता की कार्यालय संपत्ति में निवेश करते हुए खुशी है। एएसएफ इनसिग्निया गुरुग्राम में एक भविष्योन्मुखी, एकीकृत कार्यालय परिसर के तौर पर उभर रही है।"विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस साझीदारी से पूर्व एएसएफ इनसिग्निया ने जेपी मॉर्गन के साथ संस्थागत गठबंधन किया था जिसने ढाई गुना रिटर्न दिया और यह दीर्घकालीन पूंजी निवेश के बल पर वृद्धि के एक नए चरण का प्रतीक है। करीब 50 एकड़ क्षेत्र में फैले एएसएफ इनसिग्ना को पैदल चलकर काम पर जाने वाले इकोसिस्टम के रूप में डिजाइन किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित