लखनऊ/आगरा , जनवरी 14 -- उत्तर प्रदेश की मादक पदार्थ निरोधक कार्य बल (एएनटीएफ) आगरा ने ऑपरेशनल यूनिट के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पांच किलो 753 ग्राम अवैध गांजा, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 235 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई है।
एएनटीएफ आगरा की तरफ से यह कार्रवाई थाना मटसैना, फिरोजाबाद जिला अंतर्गत फतेहाबाद रोड पर बरी चौहरा के पास की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अजय सहनी पुत्र राजू सहनी (36) और सूरज पुत्र शिवचरण दास (18) के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्त बिहार के मोतिहारी (पूर्वी चम्पारण) जिले के थाना हरदिवई क्षेत्र के ग्राम चौहरा के निवासी बताए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नेपाल से लाए गए गांजे की तस्करी में शामिल हैं और किशनगंज व आसपास के क्षेत्रों में नेटवर्क के जरिए इसकी सप्लाई कराते थे। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था और इसके अन्य साथियों की तलाश भी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित