इंदौर , दिसंबर 30 -- पेट्रोलियम खेल प्रोत्साहन बोर्ड के हरमीत देसाई ने मंगलवार को एएआई 52वीं इंस्टीट्यूशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में रोमांचक सात-गेम के फाइनल में भारतीय लेखापरीक्षा एवं खाता विभाग के एसएफआर स्नेहित को हराकर पुरुष एकल का खिताब जीत लिया।
हरमीत ने यहां अभय प्रशाल में खेले गये टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में 2-0 की बढ़त बनायी। वह छठे गेम में 10-6 पर जीत के कगार पर थे, लेकिन स्नेहित ने शानदार वापसी करते हुए गेम 16-14 से जीत लिया। हरमीत ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए मैच पर फिर से काबू किया और निर्णायक गेम में बाज़ी मार 11-9, 11-9, 2-11, 8-11, 11-5, 14-16, 11-5 के स्कोर के साथ मुकाबला जीत लिया।
बाद में हरमीत ने यशस्विनी घोरपड़े के साथ मिलकर रेलवे की जोड़ी प्रीयेश राज और संपदा भिवंडीकर को हराकर मिश्रित युगल का खिताब भी 3-0 से जीता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित