इंदौर , फरवरी 21 -- मध्यप्रदेश में दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026' के दौरान हुए विवाद के बाद शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच कई शहरों में तीखा टकराव देखने को मिला। इंदौर में प्रदर्शन हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थरबाजी की और पुलिस को हालात काबू करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।
इंदौर में भाजयुमो कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन का घेराव करने पहुंचे थे। वहां पहले से मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ उनकी तीखी भिड़ंत हो गई। दोनों ओर से पत्थर, पानी की बोतलें, तेल की थैलियां, संतरे और टमाटर फेंके गए। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ता रोका और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए ठंडे पानी की बौछारें छोड़ीं।
उपद्रव के दौरान सुरक्षा में तैनात सब इंस्पेक्टर आरएस बघेल के सीने पर पत्थर लगने से वे घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े सहित दोनों दलों के कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है। पंढरीनाथ थाने में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी रही।
वही भोपाल में सैकड़ों भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर प्रदर्शन किया, इस दौरान लाठी दंडों से युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने पार्टी कार्यालय का गेट अंदर से बंद कर लिया इसके बाबजूद भी युवा मोर्चा कार्यकर्ता नेताओं पर हमला करते दिखे वही पुलिस स्थिति सम्हालने में लगी नज़र आई। यहां कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक होती दिखी। वही हुजूर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और घायल कार्यकर्ता के मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। तो वही कांग्रेस कार्यकर्ता भी थाने पहुँचे और युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं के खिलाफ आवेदन देकर एफआईआर करने की माँग की।
जबकि ग्वालियर में भाजयुमो ने रैली निकालकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की छवि खराब करने का आरोप लगाया। उज्जैन और जबलपुर में भी विरोध प्रदर्शन हुए, जहां कई स्थानों पर बैरिकेड तोड़ने और आमने-सामने नारेबाजी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर हालात नियंत्रित किए।
विवाद की जड़ शुक्रवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए शर्टलेस प्रदर्शन को बताया जा रहा है। भाजपा ने इसे राष्ट्रविरोधी करार दिया है, जबकि कांग्रेस का कहना है कि यह बेरोजगारी और डेटा सुरक्षा जैसे मुद्दों को उठाने का प्रतीकात्मक विरोध था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पत्थरबाजी में शामिल उपद्रवियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रमुख शहरों में कांग्रेस कार्यालयों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित