हैदराबाद , अप्रैल 10 -- तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क मल्लू ने शुक्रवार को कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), सख्त टैक्स निगरानी और व्यवस्थित प्रशासन के जरिए विभिन्न विभागों में राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
डॉ. बी.आर. आंबेडकर सचिवालय में राजस्व सृजन एवं संसाधन जुटाव पर कैबिनेट सब-कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री मल्लू ने कहा कि 2047 तक 3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी विभागों को अपने राजस्व में और वृद्धि करनी होगी। उन्होंने बताया कि एआई आधारित निगरानी से खनन और परिवहन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में राजस्व बढ़ा है। उन्होंने अवैध रेत खनन, क्रशर संचालन, ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वाणिज्यिक कर विभाग में सख्ती और नियमित समीक्षा के चलते पिछले तीन महीनों में जीएसटी संग्रह में 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। रजिस्ट्रेशन विभाग के राजस्व में भी लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। उन्होंने घोषणा की कि यह सब-कमेटी हर शुक्रवार बैठक कर प्रगति की समीक्षा करेगी और राजस्व स्रोतों को मजबूत करने पर ध्यान देगी। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को दीर्घकालिक आर्थिक लक्ष्यों के अनुरूप व्यापक राजस्व योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपमुख्यमंत्री ने भूमि मूल्य संशोधन पर रिपोर्ट तैयार कर कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मेट्रो रेल भूमि अधिग्रहण, वित्तीय प्रबंधन और आबकारी, राजस्व व उद्योग विभागों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। उन्होंने अधिकारियों को जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक बैठक में लिए गए निर्णयों पर अगली बैठक में 'एक्शन टेकन रिपोर्ट' पेश करने के निर्देश दिए।
बैठक में एचएमडीए भूमि की वैश्विक स्तर पर बिक्री को बढ़ावा देने का सुझाव भी दिया गया, ताकि राजस्व बढ़ाने की संभावनाओं का बेहतर उपयोग किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित