जयपुर , अप्रैल 22 -- राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर के इंटरनेशनल कोऑपरेशन सेल (आईसीसी) द्वारा यूरोपीय भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अध्ययन विभाग (ईएलएलसीएस) के सहयोग से कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) एवं मशीन लर्निंग (एमएल) में रोजगार संभावनाएं विषय पर एक अत्यंत प्रभावशाली एवं दूरदर्शी जागरूकतासत्र आयोजित किया गया।

विश्वविद्यालय के अनुसार यह पहल विद्यार्थियों को वैश्विक रोजगार परिदृश्य से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम के रूप में उभरी। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता महिन्द्रा नेक्स्ट वेल्थ के सीनियर मैनेजर खेम सिंह हांडा ने कहा कि स्पेनिश भाषा के विद्यार्थियों के लिए एआई, एमएल, डेटा एनोटेशन, नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग तथा कंटेंट डेवलपमेंट जैसे उभरते क्षेत्रों में अपार संभावनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि बहुभाषी दक्षता विशेषकर स्पेनिश जैसी अंतरराष्ट्रीय भाषा, एआई उद्योग में विद्यार्थियों को एक विशिष्ट प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त प्रदान करती है।

उन्होंने घोषणा की कि महिंद्रा टेक राजस्थान विश्वविद्यालय के स्पेनिश विद्यार्थियों के लिए एक विशेष प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित करेगी, जो इस क्षेत्र में अपनी तरह की एक अनूठी और अग्रणी पहल है। यह घोषणा विद्यार्थियों के लिए न केवल प्रेरणादायक रही, बल्कि उनके करियर निर्माण के लिए एक ठोस अवसर के रूप में सामने आयी।

कार्यक्रम में ईएलएलसीएस विभाग के स्पेनिश के विद्यार्थी एवं संकाय सदस्य मौजूद थे और उन्होंने सत्र सेअत्यंत उपयोगी एवं व्यावहारिक जानकारी अर्जित की।

उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी स्पेनिश के अनेक विद्यार्थियों का चयन महिन्द्रा नेक्स्ट वेल्थ में हो चुका है, जो इस सहयोग की सफलता का प्रमाण है। साथ ही निकट भविष्य में विश्वविद्यालय के विदेशी भाषा के विद्यार्थियों के लिए हजारों रोजगार अवसर सृजित किए जाने की संभावनाएं व्यक्त की गयीं, जिससे विद्यार्थियों के करियर को नयी दिशा और गति मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित