ऋषिकेश , दिसंबर 04 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश के चंद्रभागा नदी के किनारे बाढ़ सुरक्षा, तटबंधों का सौंदर्यकरण, आईएसबीटी में मल्टी स्टोरी बिल्डिंग, 400 बसों की भूमिगत पार्किंग और चार वार्डों में सीवर लाइन विस्तार सहित अन्य विकास कार्य अब तक सिर्फ़ योजना स्तर पर रही हैं। इन योजनाओं को धरातल पर नहीं उतारने पर निगम ने कड़ा रुख दिखाया है।
गुरुवार को नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने अधिकारियों से कहा कि सर्वे जल्द पूरा कर सभी योजनाओं की लिखित रिपोर्ट, लागत और कार्य प्रारंभ की तारीख एक सप्ताह में प्रस्तुत की जाए। नगर निगम ने विकास की धीमी प्रगति पर नाराज़गी जताते हुए कार्यदायी संस्था यूयूएसडीए को सख्त निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित