ऋषिकेश , दिसंबर 29 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में वन विभाग द्वारा किए जा रहे भूमि सर्वे (नपाई) का विरोध करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाने के मामले में पुलिस ने सोमवार को आठ नामजद सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई शनिवार को हुए जाम के संबंध में की गई है।
रायवाला थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक मनवर सिंह नेगी ने ऋषिकेश कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 27 दिसंबर को उन्हें सेक्टर-2 का प्रभारी नियुक्त किया गया था। उनकी टीम में वन विभाग और राजस्व विभाग के कर्मचारी शामिल थे, जो उच्चतम न्यायालय के आदेश के तहत भूमि सर्वे कार्य कर रहे थे।
जब टीम मालवीय नगर होते हुए अमितग्राम और श्यामपुर बाईपास के पास मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंची, तो स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। विरोध के चलते दोपहर करीब 1:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बाधित रहा, जिससे यातायात व्यवस्था ठप हो गई।
पुलिस ने इस मामले में मोहन सिंह असवाल, वीरेंद्र रमोला, विनोद नाथ, हिमांशु पंवार, लालमणि रतूड़ी, निर्मला उनियाल, उषा चौहान और सचिन रावत के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसके अलावा अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपितों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और अवैध रूप से मार्ग अवरुद्ध करने के आरोप लगाए गए हैं। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित